Breaking News :
जांजगीर-चांपा: गला रेतकर बुजुर्ग दंपती की हत्या, महिला के गले से सोने का हार गायब; मौके पर खून से सने पैर के निशान मिले
- Super Admin
- 01 Apr, 2026
जांजगीर। जांजगीर-चांपा जिले में मंगलवार देर रात घर में सो रहे बुजुर्ग दंपती की बेरहमी से हत्या कर गई। अज्ञात आरोपियों ने धारदार हथियार से गला रेतकर पति-पत्नी का मार डाला और करीब 70-80 हजार के जेवरात लेकर भाग गए। महिला के गले से सोने का हार भी गायब है।
घटनास्थल और सड़क पर खून से सने पैर के निशान भी मिले हैं। इसके अलावा पुलिस ने मौके से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि हाल ही में बुजुर्ग दंपती ने अपने पोते की शादी करवाई थी। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को लूट की नीयत से अंजाम दिया गया है।
हालांकि पुलिस सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। मौके पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर जाएगी। मामला मुलमुला थाना का है।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
दरअसल संतराम साहू (62) और पत्नी श्याम बाई साहू (62) ग्राम खपरी में रहते थे। संतराम खेती-किसानी के साथ पान दुकान भी चलाते थे। बुजुर्ग दंपती घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके दो बेटे अपने-अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं। 28 मार्च को संतराम साहू ने अपने बड़े पोते की शादी करवाई थी।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब बड़ा बेटा हरिशंकर साहू सुबह खेत में दवाई छिड़काव के लिए पिता के घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला देखकर वह अंदर गया, जहां उसने अपने पिता का शव जमीन पर और मां का शव खाट पर खून से लथपथ देखा।
हरिशंकर ने फौरन ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। एसपी विजय कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
पेड़ के सहारे घर में घुसे आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी घर के पास लगे पेड़ के सहारे चढ़कर अंदर घुसे थे। घटनास्थल पर खून से सने पैर के निशान मिले हैं, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि वारदात में एक से अधिक आरोपी शामिल हो सकते हैं।
मुखौटा और नकली बाल बरामद
पुलिस को घटनास्थल से होली का मुखौटा और नकली बाल भी बरामद हुए हैं। इससे यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए इनका इस्तेमाल किया था। महिला के गले से सोने का हार गायब मिला है, जिससे लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका और मजबूत हो गई है।
इस मामले में मुलमुला थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





