Breaking News :
छत्तीसगढ़: अगले 24 घंटों में 2-3° बढ़ेगा तापमान, हीट वेव चलने की चेतावनी; भीषण गर्मी के चलते व्यापमं परीक्षाओं का समय बदला
- Super Admin
- 23 Apr, 2026
रायपुर । प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बना हुआ है और अब इसमें और तेजी आने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन अगले 24 घंटे में पारा 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने कल यानी 24 अप्रैल से मध्य छत्तीसगढ़ में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है, जो अगले तीन दिनों तक असर दिखा सकती है। इससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
इस बीच, प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी दर्ज की गई। जगदलपुर में बुधवार दोपहर बारिश के साथ ओले गिरे। तापमान की बात करें तो दुर्ग में सबसे अधिक 43.2°C और जगदलपुर में न्यूनतम 20.5°C दर्ज किया गया।
भीषण गर्मी को देखते हुए बिलासपुर में व्यापम की प्रतियोगी परीक्षाओं के समय में बदलाव किया गया है। अब परीक्षाएं सुबह 10 बजे से होंगी, जो पहले दोपहर 12 बजे से आयोजित होती थीं। 26 अप्रैल को मंडी बोर्ड उप निरीक्षक, 14 मई को एसएससी नर्सिंग और पीईटी, तथा 21 मई को पीपीएचटी परीक्षा सुबह 10 बजे से आयोजित की जाएगी।
जेट स्ट्रीम की तेज हवाओं से बदला मौसम
मौसम में बदलाव की वजह ऊपर आसमान में तेज हवा का एक मजबूत प्रवाह है, जिसे सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम कहते हैं। यह हवा जमीन से करीब 12.6 किमी ऊपर 90 से 110 नॉट की तेज रफ्तार से चल रही है, जिसका असर मध्य और पूर्वोत्तर भारत के मौसम पर पड़ रहा है।
आज और अगले दो दिन मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। किसी प्रकार की चेतावनी फिलहाल जारी नहीं की गई है, लेकिन अलग-अलग स्थानों पर हीटवेव की स्थिति बन सकती है।
रायपुर में साफ रहेगा आसमान
आज आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 43°C और न्यूनतम तापमान 29°C के आसपास रह सकता है।
Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





