Breaking News :

:

छत्तीसगढ़: वाहनों की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद ने लिया सांप्रदायिक तनाव का स्वरूप, मारपीट व तोड़फोड़; दूसरे पक्ष ने रैली निकाल की आगजनी

top-news
https://www.blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

सरगुजा।  जिले के डूमरडीह में वाहनों की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद ने सांप्रदायिक तनाव का स्वरूप ले लिया। फार्म हाउस में घुसकर हिंदू युवक के साथ मारपीट के बाद मुस्लिम समुदाय के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इधर हिंदू समाज के लोगों ने डूमरडीह में रैली निकाल आटो और गुमटी को आग के हवाले कर दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

मामला धौरपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत दो अप्रैल को हुई। धौरपुर निवासी रोहितेश्वर प्रताप सिंह अपने घर से ककनी स्थित अपने फार्म हाउस जा रहे थे। रास्ते में नाले के पास डूमरडीह निवासी कादिर खान की आटो से कार की मामूली टक्कर हो गई। घटना के बाद कादिर खान फार्म हाउस पहुंचा और रोहितेश्वर से गाली गलौज कर वापस लौट गया।

दुबारा विवाद होने के बाद बढ़ा तनाव

फार्म हाउस में विवाद के बाद रोहितेश्वर प्रताप सिंह ग्राम रवई होकर वापस डूमरडीह हाईस्कूल के पास पहुंचा, तभी कादिर खान ने उसकी कार को रोक लिया। मौके पर कुछ और लोग पहुंच गए। स्थिति बिगड़ने से पहले ही रोहितेश्वर अपनी कार मोड़कर जाने का प्रयास करने लगा, तब कार कादिर खान के आटो से टकरा गई। इससे कार व आटो को नुकसान हुआ। इसके बाद रोहितेश्वर ग्राम ककनी के फार्म हाउस आ गया।

कुछ देर बाद कादिर खान अपने साथी मोहम्मद खान, हयात खान, अल्ताफ खान, फरहान खान व अन्य लोगों के साथ फार्म हाउस में घुसे। सभी ने गाली-गलौज करते हुए रोहितेश्वर से मारपीट शुरू कर दी। फार्म हाउस के कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया तो सभी वहां से भाग निकले। वापस जाते हुए आरोपियों ने डंडे व पत्थर से रोहितेश्वर की कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।

रैली निकालकर आगजनी के बाद बढ़ा तनाव - Dainik Bhaskar
रैली निकालकर आगजनी के बाद बढ़ा तनाव

कथित रूप से मुस्लिम समाज के युवकों ने धार्मिक नारे भी लगाए। मामले की रिपोर्ट चार अप्रैल को धौरपुर थाने में दर्ज कराई गई।

रविवार सुबह ही पुलिस ने डूमरडीह में छापेमारी कर सभी नामजद पांच आरोपित कादिर खान (40),फरहान खान (26),अल्ताफ खान(40),हयात खान (42) तथा मोहम्मद खान (30) को गिरफ्तार कर लिया। सभी को न्यायिक रिमांड पर पेश कर दिया गया है। इन सभी के विरुद्ध धारा 126(2),191(1), 333, 296, 351(3), 115(2),324 (2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है।

रैली निकाल आटो व गुमटी में लगाई आग

घटना के बाद रविवार दोपहर बाद हिंदू समाज के युवकों ने बड़ी संख्या में एकत्र होगा रैली निकाली। इस दौरान मुस्लिम समुदाय के व्यक्ति की एक आटो और गुमटी में भी आग लगा दी गई। एक बस में भी तोड़फोड़ की गई। आरोप है कि इस दौरान मुस्लिम समुदाय को लेकर नारे भी लगाए गए।

घटना को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में धारा 190, 191(2), 299, 326(एफ), 326(जी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

फोर्स तैनात, एसपी बोले-हालात काबू में

डूमरडीह में तनाव की स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस बल गांव में तैनात किया गया है। सरगुजा एसपी राजेश अग्रवाल ने बताया कि पहले दर्ज एफआईआर में नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। गांव में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में हैं। ऐहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

https://www.blueheart.in/public/frontend/img/post-add/add.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *