Breaking News :
छत्तीसगढ़: अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ वज्रपात की आशंका
- Super Admin
- 06 Apr, 2026
बिलासपुर। मौसम में रविवार को आए अचानक बदलाव ने भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी है। पश्चिमी विक्षोभ, द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के एक साथ सक्रिय होने के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश और तेज आंधी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक प्रदेश के विभिन्न संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा और वज्रपात की स्थिति बनी रहेगी।
बिलासपुर में 'न्यायधानी' हुई पानी-पानी
बिलासपुर में रविवार सुबह करीब पांच बजे मौसम ने करवट ली। तेज आंधी और बिजली की कड़क के साथ हुई वर्षा ने तापमान में भारी गिरावट ला दी। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री से गिरकर 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.5 डिग्री कम है। दिनभर बादल छाए रहने से मौसम खुशनुमा बना रहा, जिसका आनंद लेने के लिए पिकनिक स्पॉट और पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ उमड़ी।रायपुर में अलर्ट और तापमान की स्थिति
राजधानी रायपुर में रविवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार, 6 अप्रैल को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं और बिजली गिरना जान-माल के लिए जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए लोग सुरक्षित स्थानों पर रहें।प्रदेश के शहरों का हाल
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो अंबिकापुर 19.2 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा, जबकि जगदलपुर में अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री दर्ज किया गया। बिलासपुर में 3.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई। हवा में नमी का स्तर 41 से 54 प्रतिशत के बीच रहने से कुछ स्थानों पर उमस भी महसूस की गई।अगले 48 घंटों की 'मौसमवाणी'
मौसम विज्ञानी आकाश शर्मा के अनुसार, 6 और 7 अप्रैल को प्रदेश के मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना है। 8 अप्रैल को बारिश की गतिविधियां दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर केंद्रित रहेंगी। प्रशासन ने खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।Leave a Reply
Your email address will not be published. Required fields are marked *





